रायपुर । मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक ली। बैठक में विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं, कार्यों के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सेवानिवृत्ति प्रकरणों का समय पर करें निराकरण
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के सभी आवश्यक प्रकरण उनकी सेवानिवृत्ति से पहले ही तैयार कर निराकृत किए जाएं। उन्होंने विभागवार सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची नियत अवधि में तैयार करने को कहा, ताकि पेंशन एवं अन्य देयकों से संबंधित मामलों में अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने विभागों में रिक्त पदों और बैकलॉग पदों की जानकारी तैयार कर सेटअप के अनुसार भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के भी निर्देश दिए।
योजनाओं की लगातार मॉनिटरिंग पर जोर
मुख्य सचिव ने विभागीय सचिवों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। बैठक में लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन सहित ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की स्थिति की जानकारी ली गई।
बैठक में बताया गया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक 728 सेवाएं अधिसूचित की जा चुकी हैं।
आई-गॉट प्रशिक्षण की बने कार्ययोजना
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आई-गॉट के अंतर्गत विभागवार चिन्हित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों की आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर किए जा रहे रिफॉर्म से संबंधित जानकारी तैयार करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि आगामी दिनों में ‘रिफॉर्म उत्सव’ अभियान आयोजित किया जाएगा।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह, आदिम जाति विकास, विधि, महिला एवं बाल विकास, वित्त, स्कूल शिक्षा, लोक निर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन एवं संस्कृति, खाद्य, स्वास्थ्य, ऊर्जा, श्रम, वाणिज्य एवं उद्योग, परिवहन, कौशल विकास, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।