कांकेर में देशभक्ति के रंग में रंगा शहर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

 कांकेर । ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कांकेर नगर में मंगलवार को देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार ‘वंदे मातरम्’ थीम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव शामिल हुए।

करीब ढाई किलोमीटर लंबी पैदल तिरंगा यात्रा शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान से शुरू होकर नगर घड़ी चौक, ऊपर-नीचे रोड, मस्जिद चौक और गांधी चौक होते हुए नवनिर्मित मिनी स्टेडियम परिसर में संपन्न हुई। यात्रा की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुई।

जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

तिरंगा यात्रा में कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा सहित जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारे लगाए। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। वहीं नागरिकों ने विद्यार्थियों को चॉकलेट और टॉफियां वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

92 फीट लंबे तिरंगे ने मोहा लोगों का मन

तिरंगा यात्रा का प्रमुख आकर्षण 92 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा राष्ट्रीय ध्वज रहा। विद्यार्थियों ने इसे नगर के विभिन्न मार्गों और चौक-चौराहों पर पूरे उत्साह के साथ लहराया। विशाल तिरंगा नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

सेंट माइकल इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थियों की बैंड टोली भी यात्रा में शामिल हुई। छात्राओं ने राष्ट्रगीत की धुन पर वाद्य यंत्र बजाते हुए वातावरण में देशभक्ति का रंग भर दिया।

‘हर घर तिरंगा’ के लिए किया प्रेरित

तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना रहा।

उल्लेखनीय है कि केंद्र एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम जिला स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज अपने घर पर फहराने और ‘वंदे मातरम्’ के गायन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *