किरंदुल। एनएमडीसी किरंदुल एवं बचेली परियोजना में कार्यरत किरंदुल कॉन्ट्रैक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार शाम किरंदुल परियोजना स्थित मंगल भवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद संघ के सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
गौरतलब है कि 26 जुलाई को एसोसिएशन का द्विवार्षिक चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ था। सोमवार को आयोजित समारोह में एनएमडीसी किरंदुल परियोजना के अधिशासी निदेशक रवीन्द्र नारायण ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई।
इन पदाधिकारियों ने ली शपथ
शपथ लेने वाले पदाधिकारियों में अध्यक्ष बबलू सिद्दीकी, सचिव बिप्लव मल्लिक, कोषाध्यक्ष बबलू तिवारी, उपाध्यक्ष मंगल कुंजाम, उपाध्यक्ष अमलेन्द्रू चक्रबर्ती, सह सचिव अमृत टंडन, सह सचिव सुजीत पिल्लई और कार्यालय सचिव तपन दास शामिल रहे।
शपथ ग्रहण के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और ठेकेदारों से जुड़े हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
वरिष्ठ अतिथियों की रही मौजूदगी
समारोह में एनएमडीसी बचेली परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक श्रीधर कोडाली, किरंदुल नगर पालिका अध्यक्ष रूबी सिंह, मुख्य महाप्रबंधक वर्क्स किशन आहूजा, आर्सेलर मित्तल कंपनी किरंदुल के महाप्रबंधक राघवेलु, कल्याण एवं सीएसआर प्रमुख डॉ. तेजप्रकाश सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा श्रमिक संघ इंटक के सचिव ए.के. सिंह, एसकेएमएस अध्यक्ष देवरायल्यू, कार्यकारी अध्यक्ष रोशन मिश्रा, नगर पालिका की पार्षद इला पटेल और लीना सोनी, एल्डरमैन संजीव दास, सुनीता साहू एवं पी. श्रीनु सहित पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा किरंदुल थाना प्रभारी संजय यादव भी समारोह में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के सदस्यों और अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के बेहतर संचालन और ठेकेदारों के हित में प्रभावी कार्य की अपेक्षा व्यक्त की।