सर्जरी के दौरान भी सोनू निगम ने नहीं छोड़ा संगीत का साथ, ऑपरेशन थिएटर में गाया रफी का ‘सुहानी रात’

मुंबई । मशहूर गायक सोनू निगम ने सर्जरी के दौरान भी अपने संगीत प्रेम की अनोखी मिसाल पेश की। उन्होंने ऑपरेशन थिएटर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें वह सर्जरी के दौरान डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ के लिए मोहम्मद रफी का मशहूर गीत ‘सुहानी रात ढल चुकी’ गाते नजर आए।

सोनू निगम ने वीडियो के साथ बताया कि उन्होंने सर्जरी के दौरान डॉक्टर डॉ. निलेश सतभाई और उनकी टीम के लिए अचानक यह गाना गाया। उन्होंने अपने पोस्ट में दर्द के बीच संगीत से मिलने वाली खुशी का भी जिक्र किया।

सर्जरी के कारण का नहीं हुआ खुलासा

सोनू निगम ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उनकी सर्जरी किस वजह से हुई। हालांकि, इससे पहले जून में उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की जानकारी दी थी।

उन्होंने बताया था कि वह नसों से जुड़ी एक दर्दनाक समस्या से जूझ रहे थे और इसके लिए लगातार इलाज करा रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई MRI और CT स्कैन कराए और दवाइयां भी लीं।

फिजियोथेरेपी को बताया था बेहद दर्दनाक

अपने स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए सोनू निगम ने बताया था कि नसों पर दबाव के कारण उन्हें गर्दन और गले के आसपास परेशानी महसूस हो रही थी। उन्होंने यह भी कहा था कि फिजियोथेरेपी उनके लिए काफी दर्दनाक अनुभव रही।

उन्होंने इलाज के दौरान पेनकिलर लेने और इसकी वजह से गले में भारीपन महसूस होने की बात भी साझा की थी।

वीडियो पर फैंस ने जताई चिंता

ऑपरेशन थिएटर से सोनू निगम का वीडियो सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

सर्जरी के बीच भी सोनू निगम का गाना गाने का अंदाज उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *