रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए चंदनीडीह से पुराने धमतरी रोड तक नई सड़क बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रस्तावित सड़क बनने से रिंग रोड-5 और शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। प्रशासन ने इस परियोजना को लेकर स्थल निरीक्षण की तैयारी पूरी कर ली है।
कलेक्टर समेत कई विभागों के अधिकारी करेंगे निरीक्षण
प्रस्तावित सड़क मार्ग का आज रायपुर कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, टाउन प्लानिंग संचालक और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी संयुक्त रूप से निरीक्षण करेंगे। अधिकारियों द्वारा मौके पर सड़क निर्माण में आने वाली संभावित बाधाओं, जमीन और अन्य तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया जाएगा। निरीक्षण के बाद परियोजना की विस्तृत DPR (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जाएगी।
पचपेड़ीनाका जाने की जरूरत नहीं होगी
वर्तमान में चंदनीडीह और रिंग रोड-5 से शहर की ओर आने वाले वाहनों, विशेषकर भारी वाहनों को पचपेड़ीनाका की ओर जाना पड़ता है। इसके चलते टाटीबंध क्षेत्र और सर्विस रोड पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है।
नई सड़क बनने के बाद वाहन चंदनीडीह से प्रस्तावित मार्ग के जरिए कमल विहार की मौजूदा सड़क तक पहुंच सकेंगे और वहां से सीधे पुराने धमतरी रोड की ओर जा सकेंगे। इससे पचपेड़ीनाका की ओर जाने वाले यातायात का दबाव कम होने की संभावना है।
धमतरी, नवा रायपुर और VIP रोड का सफर होगा आसान
नई सड़क बनने से धमतरी, रायपुर, नवा रायपुर और VIP रोड से मंदिर हसौद की ओर आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा भिलाई-दुर्ग और बिलासपुर-बीरगांव की ओर जाने वाले यात्रियों को भी वैकल्पिक मार्ग मिलने से राहत मिलने की उम्मीद है।
महादेव घाट विसर्जन कुंड के लिए भी नया मार्ग
गणेश और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर की प्रमुख सड़कों पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने के लिए एक अन्य सड़क निर्माण की भी योजना है। रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के रायपुरा रोड स्थित इंद्रप्रस्थ-2 के पहले मनुआस रियलिटी क्षेत्र से महादेव घाट विसर्जन कुंड की ओर नई सड़क बनाने का प्रस्ताव है।
इन दोनों परियोजनाओं के जरिए शहर में वैकल्पिक मार्गों का नेटवर्क मजबूत करने और प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक दबाव कम करने की दिशा में काम किया जा रहा है।