महासमुंद में मिशन क्लीन सिटी प्रभारी पर गंभीर आरोप, स्वच्छता दीदियों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर की हटाने की मांग

महासमुंद। महासमुंद नगरपालिका की स्वच्छता दीदियों ने मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नवशाद बक्श पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का काम करने वाली स्वच्छता दीदियां शुक्रवार को कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

स्वच्छता दीदियों का आरोप है कि मिशन क्लीन सिटी प्रभारी द्वारा महिला कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और दुर्व्यवहार किया जाता है। महिलाओं के मुताबिक व्यक्तिगत अथवा स्वास्थ्य संबंधी कारणों से छुट्टी मांगने पर उन्हें अपमानित किया जाता है और समस्याएं बताने पर समाधान करने के बजाय काम से निकालने की धमकी दी जाती है।

8 घंटे की जगह 10 से 12 घंटे काम कराने का आरोप

स्वच्छता दीदियों ने आरोप लगाया कि डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के निर्धारित कार्य के अलावा उनसे अतिरिक्त काम भी कराया जाता है। उनका कहना है कि निर्धारित 8 घंटे की ड्यूटी के बजाय 10 से 12 घंटे तक काम कराया जाता है। अतिरिक्त काम करने से इनकार करने पर कथित तौर पर एक दिन का वेतन काटने की बात कही जाती है।

महिलाओं ने प्रशासन से मामले की जांच कराने और मिशन क्लीन सिटी प्रभारी को तत्काल हटाने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगी।

नगरपालिका सीएमओ ने आरोपों को बताया निराधार

मामले में नगरपालिका के सीएमओ ने स्वच्छता दीदियों के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि महिलाओं की मांगों को लेकर पहले ही बातचीत की जा चुकी है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मणिकंचन केंद्र में कैमरे लगाए जाने को लेकर भी स्वच्छता दीदियों द्वारा उठाए गए सवालों पर सीएमओ ने सफाई दी कि कैमरे स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं। उन्होंने कैमरे से संबंधित आरोपों को गलत बताया।

प्रशासन के रुख पर टिकी नजर

फिलहाल स्वच्छता दीदियों ने लिखित ज्ञापन सौंपकर प्रभारी को हटाने की मांग की है और मांग पूरी होने तक काम नहीं करने की बात कही है। अब इस पूरे मामले में नगरपालिका प्रशासन द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *