रायपुर | रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के ग्राम बहेसर और तुलसी मार्ग के बीच दूरी कम करने वाली नई सड़क का भूमिपूजन राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मंत्री वर्मा ने कहा कि जीवन में संघर्ष से मिली सफलता ही इतिहास रचती है। उन्होंने युवाओं से मेहनत, सकारात्मक सोच और आपसी सहयोग के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि साधारण परिवारों से निकलकर आईएएस और आईपीएस बनने वाले युवा समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं।
विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं
जनभावनाओं और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने ग्राम बहेसर में कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें साइकिल स्टैंड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, रंगमंच के समीप ज्योति कलश निर्माण के लिए 5 लाख रुपये तथा रघुनंदन वर्मा के घर से मुख्य मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से प्राथमिक शाला में दो नए कमरों के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा जर्जर हो चुके पूर्व माध्यमिक शाला भवन के पुनर्निर्माण के लिए भी 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई।
ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों से प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वीकृत सभी निर्माण कार्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने एक प्राथमिक शिक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। उनका उद्देश्य सत्ता या पद नहीं, बल्कि क्षेत्र के लिए ऐसे विकास कार्य करना है जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाए।
मंत्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर काम कर रही है। सरकार किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचा रही है।