खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित एनालॉग पनीर जब्त; डेयरी का लाइसेंस निलंबित

रायपुर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रायगढ़ जिले में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने कई डेयरियों में आकस्मिक निरीक्षण कर प्रतिबंधित खाद्य सामग्री और एक्सपायरी उत्पाद जब्त किए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन नियंत्रक के निर्देश पर टीम ने सतगुरु डेयरी का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान डेयरी से 7 किलोग्राम प्रतिबंधित एनालॉग पनीर बरामद किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर का नमूना जांच के लिए भेजा, जबकि शेष पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

जांच में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर सतगुरु डेयरी का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर संचालक को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया है।

इसके बाद जांच दल ने कस्तूरी डेयरी, सुरभि डेयरी, मुन्ना डेयरी सहित कोड़ातराई और पटेलपाली स्थित सतीश एवं मनोज मशरूम डेयरी का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान सतीश पटेल के प्रतिष्ठान से 8 किलोग्राम एक्सपायरी खोवा बरामद किया गया। अधिकारियों के अनुसार यह खोवा ओडिशा से लाया गया था। टीम ने एक्सपायरी खोवे को मौके पर ही नष्ट कराते हुए संबंधित संचालक को नोटिस जारी किया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कहा है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में इस तरह की जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य और नमूना सहायक सुमन अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *