राजनांदगांव । असाधारण प्रतिभा और उपलब्धियों वाले बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु ऑनलाइन आवेदन और नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अगस्त 2026 कर दी गई है। पात्र एवं इच्छुक बच्चे अब निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदन https://awards.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और पात्रता की जानकारी महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार की वेबसाइट www.wcd.nic.in पर उपलब्ध है।
भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के माध्यम से बहादुरी, खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, कला, संस्कृति और नवाचार जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाता है।
पुरस्कार के तहत चयनित प्रत्येक बच्चे को एक पदक, एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि, 10 हजार रुपये मूल्य का पुस्तक वाउचर तथा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाता है।
पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले बच्चों की आयु 5 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम होनी चाहिए। साथ ही, आवेदन में उल्लेखित उपलब्धि या घटना नामांकन की तिथि से पूर्व दो वर्षों के भीतर की होनी चाहिए। यह भी आवश्यक है कि आवेदक को पूर्व में किसी भी श्रेणी में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्राप्त न हुआ हो।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले के पात्र बच्चों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए समय रहते ऑनलाइन आवेदन एवं नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि जिले की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सके।