रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच बन रही हैं। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के वित्तीय साक्षरता अभियान का सकारात्मक परिणाम सामने आया है, जहां एक परिवार को बीमा योजनाओं के माध्यम से 4 लाख रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई।
ग्राम महोरा की आरती स्व-सहायता समूह की सदस्य स्वर्गीय श्रीमती भाग्यवती पोर्ते के आकस्मिक निधन के बाद उनके पति श्री मनोज सिंह पोर्ते को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावते और छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक पेंड्रा के शाखा प्रबंधक श्री सुमित केशरवानी ने हितग्राही को दोनों योजनाओं के स्वीकृति दस्तावेज सौंपे।
बिहान अभियान के तहत स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, बचत, बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसी वित्तीय जागरूकता के कारण स्वर्गीय श्रीमती भाग्यवती पोर्ते का बीमा कराया गया था, जिससे उनके परिवार को संकट की घड़ी में आर्थिक सहायता मिल सकी।
श्री मनोज सिंह पोर्ते ने बताया कि प्राप्त राशि उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा है। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, भविष्य की जरूरतों और पारिवारिक आवश्यकताओं को पूरा करने में किया जाएगा। साथ ही राशि के एक हिस्से को बच्चों के नाम सावधि जमा के रूप में निवेश किया जाएगा।
राज्य सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र परिवार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से वंचित न रहे। बिहान के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को वित्तीय रूप से जागरूक कर बीमा और अन्य योजनाओं से जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को न केवल आर्थिक सहायता मिल रही है, बल्कि भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए आत्मविश्वास और सुरक्षा का भरोसा भी मिल रहा है।