भारत-नेपाल सीमा पर फिर तनाव, सुस्ता में अस्थायी बांध तोड़ने के आरोप से बढ़ा विवाद

नई दिल्ली/काठमांडू। भारत-नेपाल सीमा पर एक बार फिर विवाद की स्थिति सामने आई है। नेपाल ने आरोप लगाया है कि नवलपरासी पश्चिम जिले के सुस्ता क्षेत्र में भारतीय सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने नेपाली क्षेत्र में प्रवेश कर नारायणी नदी के जलभराव को रोकने के लिए बनाए गए एक अस्थायी मिट्टी के बांध को तोड़ दिया।

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने इस मामले को दिल्ली स्थित भारतीय विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया है। नेपाली पक्ष का दावा है कि घटना के दौरान स्थानीय लोगों और भारतीय सुरक्षाकर्मियों के बीच कहासुनी भी हुई।

नेपाली मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सुस्ता क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग फावड़े लेकर नेपाली इलाके में पहुंचे और नारायणी नदी के पानी को रोकने के लिए बनाए जा रहे अस्थायी तटबंध को नुकसान पहुंचाया। हालांकि इस मामले में भारतीय पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

नवलपरासी पश्चिम के प्रमुख जिला अधिकारी दीपकराज नेपाल ने अस्थायी बांध को लेकर विवाद की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है और फिलहाल हालात सामान्य हैं।

नेपाल के अधिकारियों का कहना है कि भारतीय पक्ष ने सुस्ता क्षेत्र और बांध निर्माण वाली जगह को विवादित क्षेत्र बताते हुए दोनों देशों के बीच यथास्थिति बनाए रखने की बात कही थी।

गौरतलब है कि भारत और नेपाल के बीच सुस्ता और कालापानी सीमा क्षेत्र लंबे समय से विवाद के विषय रहे हैं। दोनों देश इन इलाकों पर अपने-अपने दावे करते हैं। हालांकि पिछले कई वर्षों से इन सीमा विवादों के समाधान के लिए उच्चस्तरीय वार्ता की प्रक्रिया सीमित रही है।

फिलहाल दोनों देशों के अधिकारी मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के प्रयास में जुटे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *