रायपुर । श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने गृह ग्राम बीरपुर में आयोजित कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं के साथ शामिल होकर भगवान भोलेनाथ की आराधना की।
मंत्री राजवाड़े ने पासंग नाला से पवित्र जल लेकर कांवड़ यात्रा के साथ पदयात्रा करते हुए शिव मंदिर पहुंचकर सपरिवार भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है। यह पर्व समाज में सकारात्मकता, सद्भाव और लोककल्याण की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म, सेवा और सामाजिक सद्भाव की भावना को आगे बढ़ाने का भी आह्वान किया।
श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी के बीच पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा संपन्न हुई। मंदिर परिसर में शिवभक्तों ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।