नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के महिला पहलवानों से कथित यौन उत्पीड़न मामले में बरी होने के बाद पहलवान विनेश फोगाट ने निराशा जताई है। उन्होंने कहा कि महिला पहलवानों ने उम्मीद नहीं छोड़ी है और वे अपनी कानूनी लड़ाई आगे भी जारी रखेंगी।
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को इस मामले में आरोपमुक्त कर दिया। अदालत के फैसले के बाद विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की।
‘लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई’: विनेश फोगाट
विनेश फोगाट ने कहा कि इस फैसले से महिला पहलवानों को निराशा हुई है। उन्होंने दावा किया कि शुरुआत से ही व्यवस्था और प्रशासन बृजभूषण शरण सिंह को बचाने में लगे रहे।
उन्होंने कहा कि कई महिला पहलवानों ने दबाव और मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद अपनी आवाज उठाई और अदालत में अपनी लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता पहलवान इस फैसले के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाएंगी।
प्रियंका गांधी ने भी जताई प्रतिक्रिया
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक ओर महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के अधिकारों की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर ऐसे मामलों में सामने आने वाले फैसले चिंता पैदा करते हैं।
2023 में हुआ था बड़ा आंदोलन
बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों ने वर्ष 2023 में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था। पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोपों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी। इस आंदोलन में विनेश फोगाट समेत कई प्रमुख पहलवान शामिल हुए थे।
अदालत के फैसले के बाद अब शिकायतकर्ता पहलवानों की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।