छत्तीसगढ़ में बच्चों के पोषण को लेकर नई पहल की तैयारी, मंत्री नेताम ने सत्य साई मिशन से की मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर स्थित श्री सत्य साई ग्राम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक एवं वैश्विक मानवतावादी सद्गुरु श्री मधुसूदन साई जी से मुलाकात कर बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

मंत्री नेताम ने छत्तीसगढ़ के शासकीय विद्यालयों में संचालित मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि कोई भी बच्चा खाली पेट स्कूल न जाए और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा शैक्षणिक उपलब्धियों में सुधार के लिए मिलकर कार्य किया जाए।

साईश्योर पोषण संयंत्र का किया निरीक्षण

प्रवास के दौरान कृषि मंत्री ने अत्याधुनिक साईश्योर एलएलपी न्यूट्रास्यूटिकल संयंत्र का भी अवलोकन किया। यहां वैज्ञानिक तरीके से तैयार किए जाने वाले साईश्योर पोषण अनुपूरक का निर्माण किया जाता है, जिसका उपयोग श्री सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट के मॉर्निंग न्यूट्रिशन प्रोग्राम में किया जाता है।

बताया गया कि यह कार्यक्रम देशभर के एक करोड़ से अधिक सरकारी स्कूलों के बच्चों तक पहुंच रहा है और बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

मंत्री रामविचार नेताम ने श्री सत्य साई ग्राम में संचालित समेकित शिक्षा एवं स्वास्थ्य परिसरों का भी भ्रमण किया। इनमें शैक्षणिक संस्थान, मेडिकल कॉलेज और अस्पताल शामिल हैं।

उन्होंने सद्गुरु श्री मधुसूदन साई के नेतृत्व में संचालित सेवा मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से समाज के विकास के लिए किए जा रहे प्रयास प्रेरणादायक हैं।

यह दौरा छत्तीसगढ़ शासन और वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के बीच बच्चों के पोषण एवं समग्र विकास से जुड़ी योजनाओं में सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *