रायपुर । छत्तीसगढ़ में इस वर्ष मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और राज्य के अधिकांश जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। 1 जून से 1 अगस्त 2026 तक प्रदेश में औसतन 557.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो पिछले दस वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा का 103 प्रतिशत है।
राज्य के वर्षा आंकड़ों के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ 193.2 प्रतिशत वर्षा के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है। इसके बाद नारायणपुर (153%), महासमुंद (146.7%), रायपुर (135%), गरियाबंद (134.3%) और जांजगीर-चांपा (130.7%) सहित कई जिलों में सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है।
वास्तविक वर्षा के आंकड़ों में नारायणपुर सबसे आगे रहा, जहां अब तक 996.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, दंतेवाड़ा और गरियाबंद प्रमुख जिलों में शामिल हैं।
राज्य स्तरीय वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार मानसून की सक्रियता से खरीफ फसलों की बुआई को गति मिली है। साथ ही जलाशयों में जलभराव बढ़ने और भू-जल स्तर में सुधार की स्थिति भी मजबूत हुई है, जिससे कृषि और पेयजल व्यवस्था को लाभ मिलने की उम्मीद है।