सूरजपुर में 16 अगस्त से लाइफलाइन एक्सप्रेस का आगमन, हजारों मरीजों को मिलेगी निःशुल्क जांच और सर्जरी की सुविधा

सूरजपुर। जिलेवासियों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस परियोजना का आयोजन सूरजपुर जिले में किया जा रहा है। विश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-02 पर 16 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा।

शिविर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ओपीडी संचालित होगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच की जाएगी और आवश्यकता अनुसार निःशुल्क सर्जरी भी की जाएगी।

इन रोगों की होगी जांच और उपचार

लाइफलाइन एक्सप्रेस में आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद सर्जरी, कान की जांच एवं सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी (कटे-फटे होंठ एवं जलने के बाद त्वचा में आए संकुचन), दांतों की जांच एवं उपचार तथा महिलाओं के लिए स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की जांच एवं स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।

वहीं मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच और सर्जरी की सुविधा केवल 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

अलग-अलग तिथियों में होंगी सेवाएं

आंखों की ओपीडी 16 से 21 अगस्त तक और सर्जरी 17 से 22 अगस्त तक होगी। कान संबंधी जांच 22 से 27 अगस्त तक तथा सर्जरी 23 से 28 अगस्त तक की जाएगी।

मुड़े हुए हाथ-पैर एवं प्लास्टिक सर्जरी के लिए ओपीडी 28 से 31 अगस्त तक और सर्जरी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक होगी। दांतों की जांच एवं उपचार 1 से 5 सितंबर तक किया जाएगा। महिलाओं के स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच 16 से 21 अगस्त तक होगी।

प्रशासन ने तेज की तैयारियां

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा शिविर के सफल संचालन की तैयारियां की जा रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, मितानिन, सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को जरूरतमंद मरीजों की पहचान कर उनका पंजीयन कराने और उन्हें शिविर का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने कहा गया है।

जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। मरीजों को अपने साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। भर्ती मरीज के साथ केवल एक सहयोगी को रहने की अनुमति होगी।

शिविर से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7039673973 पर संपर्क किया जा सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *