रायपुर । वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा है कि डबल इंजन सरकार किसानों, युवाओं और देश के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए फैसलों को उन्होंने किसान हित, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और खेल विकास की दिशा में अहम कदम बताया।
श्री चौधरी ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना को वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए 3.15 लाख करोड़ रुपये के वित्तीय प्रावधान का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला देश के करोड़ों किसानों को आर्थिक मजबूती देगा और कृषि क्षेत्र को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना को भी मंजूरी दी है। इस योजना के लिए 5,070 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत देशभर में 5,000 मेगावाट क्षमता की फ्लोटिंग सोलर पीवी परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और जलाशयों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नई खेलो इंडिया योजना को भी मंजूरी दी है, जिसके लिए 36,441 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस योजना के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं, उच्चस्तरीय कोचिंग, खेल विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
श्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और युवाओं की प्रतिभा को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन फैसलों से विकसित भारत के निर्माण को नई गति मिलेगी और देश के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आएगा।