रायगढ़ में इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा शुरू, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बैंकिंग विस्तार और वित्तीय समावेशन पर दिया जोर

रायपुर । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने रायगढ़ में इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि नई बैंक शाखा से स्थानीय व्यापार, उद्यमिता और शासकीय योजनाओं का लाभ लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और वित्तीय समावेशन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री का दायित्व संभालने के बाद राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) की बैठकों में बैंकिंग व्यवस्था को अधिक परिणाममुखी बनाने के लिए स्पष्ट नीतियों और लक्ष्यों के साथ कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से निवेश आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रही है। ऐसे में बैंकों की भूमिका केवल जमा और निकासी तक सीमित नहीं रह सकती, बल्कि उन्हें निवेश, उद्यमिता और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।

वित्तीय प्रबंधन और योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर

मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने दूरदर्शी वित्तीय प्रबंधन के तहत देश का पहला राज्य पेंशन फंड और ग्रोथ एंड स्टेबिलिटी फंड स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वित्तीय अनुशासन और पेशेवर निर्णयों के आधार पर बैंकिंग संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर रही है।

उन्होंने इंडियन ओवरसीज बैंक की सराहना करते हुए कहा कि बैंक ने जगरगुंडा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में शाखा खोलकर वित्तीय समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।

महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की अपील

वित्त मंत्री ने रायगढ़ शाखा से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और महिलाओं के स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने जैसी पहलों को और प्रभावी बनाया जाए, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।

उन्होंने बैंक प्रबंधन से रायगढ़ जिले के तमनार, लैलूंगा, धरमजयगढ़, कापू सहित दूरस्थ क्षेत्रों में भी बैंक शाखाओं का विस्तार करने का आग्रह किया।

श्री चौधरी ने कहा कि बैंक शाखाएं केवल वित्तीय लेन-देन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना, डीबीटी, स्टार्टअप, स्टैंडअप और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

कार्यक्रम के अंत में वित्त मंत्री ने सभी नागरिकों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं और इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा के सफल संचालन की कामना की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *