गुरु पूर्णिमा पर कबीर धाम पहुंचे ओपी चौधरी, बोले- कबीर साहेब की वाणी आज भी समाज को दिशा देती है

रायपुर । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी खरसिया स्थित आचार्य गादी सद्गुरु कबीर धाम पहुंचे। यहां आयोजित भजन संध्या एवं गुरु वंदना कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने सद्गुरु कबीर साहेब को नमन किया और धर्माधिकारी एवं कबीर पंथ के संतजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने श्रद्धालुओं को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सद्गुरु कबीर साहेब का व्यक्तित्व युगों-युगों तक समाज को दिशा देने वाला है। उनकी वाणी आज भी सत्य, समानता और सदाचार का मार्ग दिखाती है। कबीर साहेब के दोहे और उपदेश वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे।

कबीर साहेब की शिक्षाओं ने जीवन को किया प्रभावित

वित्त मंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि विज्ञान विषय से स्नातक होने के बावजूद संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी के दौरान उन्होंने हिंदी साहित्य को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना था। इसी दौरान उन्हें कबीर साहेब के साहित्य और दर्शन को गहराई से समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि कबीर साहेब की वाणी ने उनके जीवन और सोच को काफी प्रभावित किया है।

श्री चौधरी ने कहा कि वे ईश्वर से सफलता के साथ ऐसा आशीर्वाद मांगते हैं कि जीवन में ऊंचे पद पर पहुंचने के बाद भी अहंकार न आए और कठिन परिस्थितियों में भी मन में निराशा न हो। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की सेवा ही उनके जीवन का उद्देश्य है।

कबीर पंथ के योगदान को बताया महत्वपूर्ण

वित्त मंत्री ने कहा कि कबीर पंथ समाज और राष्ट्र के नैतिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, समानता और सद्भाव का संदेश फैलाने में कबीर साहेब की शिक्षाएं आज भी मार्गदर्शक हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जीवन के कठिन दौर में कबीर पंथ के इस पवित्र संस्थान से मिले सम्मान और सहयोग को वे कभी नहीं भूलेंगे। सच्चे संबंध वही होते हैं, जो कठिन समय में साथ खड़े रहते हैं।

कार्यक्रम में धर्माधिकारी, कबीर पंथ के संत-महात्मा, समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *