रायपुर/सूरजपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि अस्पताल केवल उपचार केंद्र नहीं, बल्कि जनविश्वास के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। स्वास्थ्य संस्थानों को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने के लिए जीवन दीप समितियों में जनभागीदारी बढ़ाना आवश्यक है।
श्रीमती राजवाड़े ने यह बात सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित जीवन दीप समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। बैठक में अस्पताल प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, फॉलोअप और निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध उपलब्धियों का मूल्यांकन करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि जीवन दीप समिति का उद्देश्य अस्पताल प्रबंधन में स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने समिति को नियमानुसार वार्षिक बजट और आय-व्यय पत्रक तैयार कर सामान्य सभा से अनुमोदन लेने के निर्देश दिए, ताकि वित्तीय व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।
उन्होंने अस्पतालों में बीमा क्लेम की शत-प्रतिशत वसूली, अस्पताल भूमि के बेहतर प्रबंधन, मेडिकल अपशिष्ट के सुरक्षित निष्पादन और एम्बुलेंस सहित अन्य वाहनों के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही मरीजों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं, बेहतर उपचार सुविधाएं तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने जीवन दीप समिति के सदस्यों से अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और अस्पताल प्रबंधन को प्रभावी बनाने संबंधी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, समिति के पदाधिकारी और संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से जीवन दीप समिति अपने उद्देश्यों को पूरा करते हुए प्रदेश में सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत आधार प्रदान करेगी।