छत्तीसगढ़ की 10 साल की आद्या ने रचा इतिहास, India Book of Records में दर्ज कराया नाम

रायपुर । रायपुर की 10 वर्षीय बाल गायिका कुमारी अरुणिमा शर्मा ‘आद्या’ ने अपनी मधुर आवाज और कठिन मेहनत के दम पर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। आद्या को हाल ही में India Book of Records 2026 द्वारा गायन के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए “IBR Achiever” सम्मान से नवाजा गया है।

9 नवंबर 2015 को जन्मी आद्या ने महज 10 वर्ष 7 माह की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की है। India Book of Records ने उन्हें विभिन्न गायन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 प्रमाण पत्र और 1 ट्रॉफी प्राप्त करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया।

आद्या की उपलब्धियों में रायपुर की संगीता कला अकादमी द्वारा आयोजित नटरंग महोत्सव में प्रथम पुरस्कार और बस्तर आइडल में द्वितीय उपविजेता का खिताब प्रमुख हैं। इसके अलावा उन्होंने कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

आद्या ने कहा कि उनका सपना है कि वह एक दिन महान गायिका लता मंगेशकर की तरह देश के लिए गाएं और संगीत के क्षेत्र में भारत का नाम रोशन करें।

चार भाषाओं में करती हैं गायन और वादन

कम उम्र में ही आद्या ने संगीत के क्षेत्र में खास पहचान बनाई है। वह चार भाषाओं में गायन और वादन करती हैं। इसके साथ ही वह शास्त्रीय संगीत की शिक्षा भी ले रही हैं और वोकल में प्रथमा (प्रथम) परीक्षा उत्तीर्ण कर चुकी हैं।

उनकी अन्य उपलब्धियों में राजनांदगांव मड़ई, YB चैम्प 6, हर घर टैलेंट सीजन-2, द सिंगिंग आइकन सीजन-2 और Phytositaare जैसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के फाइनल राउंड तक पहुंचना शामिल है। YB चैम्प 6 में उन्होंने फर्स्ट रनरअप का खिताब भी हासिल किया है।

लोकगीतों और हारमोनियम वादन के वीडियो हो रहे वायरल

आद्या के छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और हारमोनियम वादन के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जा रहे हैं। उनके लाइव प्रदर्शन को देखकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी मंच से उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया है।

आद्या ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों से लेकर देशभक्ति गीत और सुगम संगीत तक विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई है। उनके गीतों और साक्षात्कारों का प्रसारण आकाशवाणी रायपुर सहित कई टीवी न्यूज चैनलों और प्रतिष्ठित मंचों पर हो चुका है।

रोजाना करती हैं दो घंटे रियाज

आद्या के गुरु और परिजनों के अनुसार, वह प्रतिदिन करीब दो घंटे रियाज करती हैं। उनका लक्ष्य भविष्य में बड़े मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करना है।

आद्या की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों और संगीत प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता प्रदेश के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *