PM मोदी की सोशल मीडिया सक्रियता पर CJP का हमला, पेपर लीक मामले में मांगा ठोस एक्शन

नई दिल्ली |  पेपर लीक मामले को लेकर जारी विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोशल मीडिया सक्रियता पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें चुनौती दी है। CJP ने कहा है कि प्रधानमंत्री पहले पेपर लीक मामले में ठोस कार्रवाई करें, उसके बाद उनकी सोशल मीडिया रील्स को भी साझा किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले कुछ दिनों से इंस्टाग्राम पर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। उन्होंने पेपर लीक के मुद्दे पर दो वीडियो साझा कर सरकार का रुख स्पष्ट किया है। पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक कोई सामान्य मामला नहीं है, बल्कि यह लाखों छात्रों के भविष्य और देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।

उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए सरकार कड़े कानून और प्रभावी व्यवस्था पर काम कर रही है।

CJP प्रवक्ता ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने प्रधानमंत्री मोदी की सोशल मीडिया सक्रियता पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लगातार रील्स बनाना इस बात का संकेत हो सकता है कि युवाओं के बीच नाराजगी बढ़ रही है।

रांका ने कहा, “अगर मोदी जी रात में रील्स बना रहे हैं तो जरूर सिस्टम में कोई दिक्कत है और सिस्टम में कुछ बदलाव हो रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि सरकार को युवाओं के गुस्से और असंतोष का एहसास हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यधारा के मीडिया में युवाओं की नाराजगी उतनी दिखाई नहीं देती, लेकिन सोशल मीडिया पर यह साफ नजर आती है। उनके अनुसार, सरकार को सोशल मीडिया संवाद के साथ-साथ युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जमीनी स्तर पर भी कदम उठाने चाहिए।

“पहले एक्शन लीजिए, फिर रील्स बनाइए”

आशुतोष रांका ने कहा कि केवल सोशल मीडिया पर संदेश देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से पेपर लीक मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की।

रांका ने कहा, “मोदी जी रील्स बनाने से नहीं होगा। जो आप सख्त एक्शन लेने की बात कर रहे थे, वो एक्शन लीजिए।”

उन्होंने दोहराया कि CJP की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। रांका ने कहा, “वो करिए और उसके बाद आप रील्स बनाइए, हम भी आपकी रील्स शेयर करेंगे।”

पीएम मोदी ने पेपर लीक पर साझा किए दो वीडियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने पेपर लीक मामले को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया था।

इसके अगले दिन शुक्रवार रात पीएम मोदी ने एक और वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने लोगों से मिले सुझावों और प्रतिक्रियाओं के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि जनता के साथ उनका संवाद आगे भी जारी रहेगा।

पेपर लीक विवाद के बीच प्रधानमंत्री की सोशल मीडिया सक्रियता को युवाओं तक सीधे पहुंच बनाने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है, जबकि CJP समेत विपक्षी समूह सरकार से इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *