रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGESB) ने लोक शिक्षण संचालनालय के प्रस्ताव के आधार पर सहायक शिक्षक भर्ती लिखित परीक्षा के आयोजन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है।
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 जुलाई 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 21 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा की संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
16 जिलों में बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र
सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए प्रदेश के 16 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान निर्धारित परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।
स्थानीय अभ्यर्थियों को मिलेगा परीक्षा शुल्क वापस
छत्तीसगढ़ शासन के नियमों के अनुसार, राज्य के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के बाद परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। शुल्क वापसी उसी बैंक खाते में की जाएगी, जिससे आवेदन के समय ऑनलाइन भुगतान किया गया होगा।
आवेदन से पहले पात्रता जांचने की सलाह
CGESB ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, पात्रता मानदंड, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।
भर्ती परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।