बस्तर में भाजयुमो की युवा शक्ति मुहिम: 7 जिलों में सदस्यता अभियान, 29 जुलाई तक होंगे सम्मेलन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जहां एक ओर युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव चल रहे हैं, वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने भी युवाओं को जोड़ने के लिए अपना सदस्यता अभियान ‘Join BJYM’ शुरू कर दिया है। अभियान की शुरुआत भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने दंतेवाड़ा के मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद धुरली पंचायत में आयोजित युवा सम्मेलन से की।

भाजयुमो ने इस अभियान के तहत बस्तर संभाग के युवाओं पर विशेष फोकस किया है। संगठन के अनुसार युवा ऑनलाइन माध्यम से QR कोड स्कैन कर या वेबसाइट के जरिए आसानी से सदस्य बन सकते हैं।

बस्तर के सात जिलों में होंगे सम्मेलन

सदस्यता अभियान के तहत 29 जुलाई तक बस्तर संभाग के सभी सात जिलों में युवा सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रमों की रूपरेखा इस प्रकार है—

  • 23 जुलाई: धुरली पंचायत, दंतेवाड़ा
  • 24 जुलाई: भोपालपटनम, बीजापुर
  • 25 जुलाई: दोरनापाल और छिंदगढ़, सुकमा
  • 26 जुलाई: तोकापाल और नगरनार, बस्तर
  • 27 जुलाई: माकड़ी और फरसगांव, कोंडागांव
  • 28 जुलाई: ओरछा मंडल, नारायणपुर
  • 29 जुलाई: नई कमेटी हॉल, कांकेर

इन सभी कार्यक्रमों में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा अभियान की अगुवाई करेंगे।

युवाओं को साधने पर राजनीतिक दलों का फोकस

छत्तीसगढ़ में इन दिनों युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव भी जारी हैं। प्रदेश अध्यक्ष से लेकर जिला और विधानसभा स्तर के पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के युवा संगठन युवाओं को अपने साथ जोड़ने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।

भाजयुमो ने बस्तर क्षेत्र में सदस्यता अभियान के जरिए युवाओं तक पहुंच बढ़ाने की तैयारी की है। वहीं युवा कांग्रेस भी अपने संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *