धमतरी में EOW की बड़ी कार्रवाई, अनिल मेडिकल में छापा; लोक कला जत्था मामले से जुड़े दस्तावेज जब्त

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शुक्रवार सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नया बस स्टैंड के पास स्थित अनिल मेडिकल में छापेमार कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से शहर के व्यापारियों और मेडिकल कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वर्ष 2004 में सामने आए लोक कला जत्था योजना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितता मामले की जांच के तहत की गई है। जांच के दौरान अनिल मेडिकल से जुड़े वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की भूमिका सामने आने के बाद EOW ने यह कदम उठाया।

घंटों चली जांच, कई दस्तावेज जब्त

EOW की टीम सुबह-सुबह मेडिकल स्टोर पहुंची और दुकान को अपने कब्जे में लेकर दस्तावेजों की जांच शुरू की। टीम ने कई घंटों तक रिकॉर्ड, फाइलों और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल की। इस दौरान दुकान संचालकों से भी पूछताछ की गई।

कार्रवाई पूरी होने के बाद EOW की टीम अपने साथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें लेकर रवाना हुई। अधिकारियों का मानना है कि जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच से मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

दस्तावेजों की जांच जारी

फिलहाल EOW की टीम जब्त दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस मामले में आगे की कार्रवाई किस दिशा में बढ़ेगी। वहीं, कार्रवाई को लेकर EOW की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *