सरोरा की दो बेटियों का उच्च शिक्षा का सपना हुआ पूरा: सरपंच की पहल पर मंत्री टंक राम वर्मा के प्रयास से मिला कॉलेज में प्रवेश

तिल्दा-नेवरा। आर्थिक परेशानियों के कारण उच्च शिक्षा का सपना अधूरा होता दिख रहा था, लेकिन ग्राम पंचायत सरोरा की दो मेधावी छात्राओं के लिए जनप्रतिनिधियों की पहल से अब आगे की पढ़ाई का रास्ता साफ हो गया है। सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू के प्रयास और कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा के हस्तक्षेप से दोनों छात्राओं का कॉलेज में प्रवेश सुनिश्चित हो गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सरोरा निवासी प्रभा साहू पिता दीनदयाल साहू और पायल बंजारे पिता भागीरथी बंजारे ने हाल ही में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रभा साहू ने 94.4 प्रतिशत और पायल बंजारे ने 94.2 प्रतिशत अंक हासिल कर गांव का नाम रोशन किया।

दोनों छात्राएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती हैं और आगे की पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक परेशानी का सामना कर रही थीं। छात्राओं ने अपनी समस्या ग्राम पंचायत सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू को बताई।

सरपंच ने मंत्री तक पहुंचाई छात्राओं की समस्या

छात्राओं की प्रतिभा और उनकी परिस्थितियों को देखते हुए सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू ने तत्काल पहल की और पूरी जानकारी छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा तक पहुंचाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने रायपुर स्थित कॉलेज प्रशासन से दूरभाष पर चर्चा कर दोनों छात्राओं के प्रवेश की व्यवस्था कराने का आग्रह किया। मंत्री के प्रयास के बाद दोनों छात्राओं को कॉलेज में प्रवेश मिल गया और उनके उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना पूरा होने की राह आसान हो गई।

ग्रामीणों ने जताया आभार

दोनों छात्राओं और उनके परिवारों में प्रवेश मिलने के बाद खुशी का माहौल है। ग्राम पंचायत सरोरा के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समय पर सहयोग मिलने से उनका भविष्य बेहतर बन सकता है। उन्होंने सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू की संवेदनशील पहल की भी सराहना की।

ग्रामीणों का कहना है कि सरोरा की दोनों बेटियों की सफलता और उन्हें मिला सहयोग अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगा। यह साबित करता है कि मेहनत, प्रतिभा और सही मार्गदर्शन के साथ आर्थिक चुनौतियों को भी पार किया जा सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *