FIR और प्रदर्शन को लेकर सियासत तेज, भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

रायपुर  |   राजधानी रायपुर में भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घेराव के नाम पर कांग्रेस कार्यालय और कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया।

भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के मंत्री भी लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं को दरकिनार कर प्रदर्शन में शामिल हुए।

बघेल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय और कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंके, जिसके कारण कई लोग घायल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार की और बाद में एफआईआर भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कर दी गई।

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस पूरी घटना में पत्रकारों को भी चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा सरकार और पुलिस के संरक्षण में किया गया सुनियोजित हमला था।

पुलिस अधिकारियों को दी चेतावनी

भूपेश बघेल ने पुलिस अधिकारियों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस को अपनी कार्रवाई में निष्पक्ष रहना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कुछ समय की मेहमान है और अधिकारियों को अपनी भूमिका का ध्यान रखना चाहिए।

बघेल ने कहा कि भाजपा से राजनीतिक तौर पर मुकाबला किया जाएगा, लेकिन पुलिस अधिकारियों को भी अपनी जिम्मेदारियों और संवैधानिक दायित्वों का पालन करना चाहिए।

गौरतलब है कि भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस ने कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं कांग्रेस इस कार्रवाई को लेकर सरकार पर लगातार हमलावर है। मामले को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *