बालोद में अवैध एग्रो यूनिट पर कार्रवाई, गोदाम सील, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

बालोद |  जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाठा स्थित मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कृषि आदान सामग्री के भंडारण और पैकेजिंग का मामला पकड़ा है। निरीक्षण दल ने भारी मात्रा में कृषि सामग्री जब्त कर गोदाम को सील कर दिया।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश और कृषि विभाग के उप संचालक आशीष चन्द्राकर के मार्गदर्शन में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय संयुक्त निरीक्षण दल ने 21 जुलाई को गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिना वैधानिक अनुमति के कृषि सामग्री की पैकेजिंग और भंडारण का कार्य संचालित पाया गया।

निरीक्षण में गोदाम से 10 किलोग्राम पैकिंग बाल्टियां, भू लक्ष्मी महासार जैव उत्प्रेरक की 500 मिलीलीटर पैकिंग की 2,880 इकाइयां, वीएजीएमआई प्रोम की 8 किलोग्राम पैकिंग, 40 किलोग्राम की 5,129 बोरियां, 8 किलोग्राम की 153 खुली बोरियां तथा 50 किलोग्राम पैकिंग की 1,880 बोरियां कच्चे कृषि सामग्री के रूप में बरामद की गईं।

इसके अलावा गोदाम से सात पैकिंग मशीनें, 11 इलेक्ट्रॉनिक तोलक और तीन बोरी सिलाई मशीनें भी मिलीं, जिन्हें जांच के दायरे में लिया गया है।

कृषि विभाग ने जब्त सामग्री के नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान गोदाम परिसर में मारूति एग्रो बायोटेक के प्रतिनिधि नीतीश चन्द्राकर और अगेश्वर चन्द्राकर मौजूद थे।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खाद, बीज और कीटनाशक केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें, खरीदारी का बिल सुरक्षित रखें और किसी भी गैर-लाइसेंसधारी या घूमंतू विक्रेता के झांसे में न आएं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *