दंतेवाड़ा। जिले की आवासीय कोचिंग संस्था ‘छू लो आसमान’ के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। संस्था के बालूद और कारली केंद्रों से परीक्षा में शामिल हुए 158 विद्यार्थियों में से 52 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।
सफल विद्यार्थियों में से 11 विद्यार्थियों का MBBS और 11 विद्यार्थियों का BDS, BAMS, पशु चिकित्सा सहित अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लगभग तय माना जा रहा है।
बालूद केंद्र के 25 विद्यार्थियों ने मारी बाजी
बालूद केंद्र से इस वर्ष 65 विद्यार्थियों ने NEET-UG परीक्षा दी थी, जिसमें से 25 विद्यार्थी सफल हुए हैं। इनमें 9 विद्यार्थियों ने 340 से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जिससे उनका MBBS में प्रवेश लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है।
वहीं, 5 विद्यार्थियों का चयन BDS, BAMS, पशु चिकित्सा सहित अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में संभावित है।
कारली केंद्र से 27 विद्यार्थी सफल
कारली केंद्र के 93 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था, जिनमें से 27 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इनमें 2 विद्यार्थियों का MBBS तथा 6 विद्यार्थियों का अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लगभग तय माना जा रहा है।
मेहनत और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था का परिणाम
‘छू लो आसमान’ संस्था के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को जिले में उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवासीय कोचिंग व्यवस्था और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया जा रहा है।
संस्था के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल और आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जनप्रतिनिधियों ने दी सफल विद्यार्थियों को बधाई
NEET-UG 2026 में सफल विद्यार्थियों को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा जैसे जिले के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले में चिकित्सा प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिल सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।
इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ियामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, ‘छू लो आसमान’ के नोडल अधिकारी वेंकट ताती, अधीक्षक राज पाल, अधीक्षिका रविंद्र सैनी सहित संस्था के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।