दिल्ली प्रदर्शन पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 48 घंटे में 10 FIR दर्ज; RAF जवान से मारपीट मामले में भी केस

नई दिल्ली |  NEET पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। संसद मार्च के दौरान हुई कथित हिंसा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोपों में पिछले 48 घंटे में 10 FIR दर्ज की गई हैं। इनमें RAF जवान से कथित मारपीट का मामला भी शामिल है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 20 जुलाई को आयोजित ‘चलो संसद’ मार्च के बाद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली के पांच अलग-अलग थानों में मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने इन मामलों में हिंसा, सरकारी कार्य में बाधा और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है।

5 थानों में दर्ज हुई FIR

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दर्ज मामलों का विवरण इस प्रकार है—

  • संसद मार्ग थाना: 4 FIR
  • कनॉट प्लेस थाना: 3 FIR
  • मंदिर मार्ग थाना: 1 FIR
  • बाराखंभा रोड थाना: 1 FIR
  • कर्तव्य पथ थाना: 1 FIR

पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच जारी है। जांच के दौरान CCTV फुटेज, मोबाइल वीडियो, ड्रोन से मिले विजुअल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि घटनाओं में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

RAF जवान से मारपीट मामले में भी FIR

पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई की शाम कनॉट प्लेस क्षेत्र में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के एक जवान पर कथित हमले के मामले में भी अलग से FIR दर्ज की गई है। मामले की जांच कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

बाराखंभा रोड FIR में गंभीर धाराएं

संसद मार्च से जुड़े एक मामले में बाराखंभा रोड थाने में दर्ज FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम (PDPP Act) की कई धाराएं लगाई गई हैं।

इस FIR में लोक सेवक को ड्यूटी से रोकने, सरकारी आदेश की अवहेलना, लोक सेवक पर हमला, गैरकानूनी सभा, दंगा, संपत्ति नुकसान और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं का उल्लेख किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। वहीं, प्रदर्शन से जुड़े संगठनों की ओर से पुलिस कार्रवाई को लेकर अलग पक्ष रखा गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *