मुंबई। इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ का टाइटल ट्रैक ‘ये आवारापन’ रिलीज हो गया है। लंबे इंतजार के बाद सामने आए इस गाने ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है। फैंस इस इमोशनल ट्रैक को काफी पसंद कर रहे हैं।
इस गाने की सबसे खास बात यह है कि इसके जरिए मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने कई महीनों बाद बॉलीवुड प्लेबैक सिंगिंग में वापसी की है। उनकी भावपूर्ण आवाज और अमाल मलिक के संगीत ने गाने को और भी खास बना दिया है।
प्यार और दर्द की कहानी बयां करता है गाना
‘ये आवारापन’ एक इमोशनल रोमांटिक ट्रैक है, जिसमें प्यार, जुदाई और अधूरे रिश्तों की भावनाओं को खूबसूरती से पेश किया गया है। गाने के बोल रश्मि-विराग ने लिखे हैं, जबकि संगीत अमाल मलिक ने तैयार किया है।
फिल्म के पहले पार्ट ‘आवारापन’ की तरह ही इस गाने में भी दर्द और भावनाओं की गहराई देखने को मिलती है, जिसने पुराने फैंस को एक बार फिर फिल्म से जोड़ दिया है।
इमरान हाशमी फिर बने शिवम पंडित
गाने के म्यूजिक वीडियो में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनका किरदार पुराने प्यार की यादों और अधूरे रिश्ते के दर्द से गुजरता दिखाई देता है।
पहली फिल्म में आलिया हमीद का किरदार अभिनेत्री श्रिया सरन ने निभाया था। हालांकि, इस गाने में फिल्म की लीड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की झलक नहीं दिखाई गई है, जिसे लेकर फैंस के बीच चर्चा भी शुरू हो गई है।
14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी फिल्म
‘आवारापन 2’ का निर्माण विशेष भट्ट के प्रोडक्शन बैनर तले किया गया है। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है।
फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अतुल कुमार और अनिरुद्ध रावल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।