धरमजयगढ़। रायगढ़ पुलिस ने जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़-कोरबा सीमा से लगे ग्राम धसकामुड़ा में संचालित जुए के पांच फड़ों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मौके से 57,140 रुपये नकद, करीब 90 लाख रुपये मूल्य की सात चारपहिया गाड़ियां और पांच गैस लाइट जब्त की हैं।
पांच अलग-अलग मामले दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।
कार्रवाई के बाद सभी गिरफ्तार आरोपियों को रायगढ़ से मंगाई गई बस के जरिए धरमजयगढ़ लाया गया, जहां उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अभियान लगातार रहेगा जारी
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन अंकुश के तहत जिले में जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।