महादेव बेटिंग ऐप केस: ED ऑफिस पहुंचीं शेफाली बग्गा, लगातार दूसरे दिन जांच अधिकारियों ने की पूछताछ

रायपुर | महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने टीवी होस्ट और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट शेफाली बग्गा से शुक्रवार को एक बार फिर पूछताछ की। शेफाली बग्गा रायपुर स्थित ईडी कार्यालय पहुंचीं, जहां जांच अधिकारी उनसे कथित तौर पर बेटिंग ऐप के प्रचार-प्रसार से जुड़े सवाल कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, इससे पहले गुरुवार को भी ईडी ने शेफाली बग्गा से करीब पांच घंटे तक पूछताछ की थी। एजेंसी डिजिटल साक्ष्यों, सोशल मीडिया पोस्ट और कथित प्रमोशनल सामग्री के आधार पर उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

जांच एजेंसी को मिले कुछ डिजिटल इनपुट में कथित तौर पर महादेव ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क से जुड़े प्रमोशनल कंटेंट की जानकारी सामने आई है। ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या शेफाली बग्गा का किसी तरह से इस नेटवर्क के प्रचार या ऑनलाइन गतिविधियों से संबंध रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, जांच में महादेव नेटवर्क से जुड़े आरोपी खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़े संभावित संपर्कों की भी जांच की जा रही है। एजेंसी का आरोप है कि ठक्कर कथित तौर पर महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क के हवाला और वित्तीय लेन-देन से जुड़े मामलों में शामिल रहा है।

ईडी इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या विदेशों से संचालित कथित बेटिंग प्लेटफॉर्म्स के प्रचार में किसी तरह की भूमिका निभाई गई थी। एजेंसी ने दुबई और लंदन जैसे स्थानों से संचालित गतिविधियों के एंगल को भी जांच के दायरे में रखा है।

वहीं, ईडी की ओर से शेफाली बग्गा के टेलीग्राम चैनल और ऑनलाइन गतिविधियों की भी जांच किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों पर शेफाली बग्गा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप केस में ईडी पहले भी कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। हाल ही में कारोबारी विकास गर्ग की गिरफ्तारी और संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई के बाद मामले में जांच और तेज हो गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *