JJM कांट्रैक्टरों की आर-पार की लड़ाई, भुगतान की मांग को लेकर आज विधानसभा घेराव

रायपुर । जल जीवन मिशन (JJM) के तहत लंबित भुगतान को लेकर छत्तीसगढ़ के ठेकेदार आज राजधानी रायपुर में विधानसभा का घेराव करेंगे। छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन के आह्वान पर प्रदेशभर से करीब 800 ठेकेदार इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।

प्रदर्शनकारी पहले तूता धरना स्थल पर एकत्रित होंगे और इसके बाद विधानसभा की ओर कूच करेंगे।

2200 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित

एसोसिएशन का दावा है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के अंतर्गत संचालित जल जीवन मिशन की “हर घर जल” योजना में कार्य करने वाले ठेकेदारों का करीब 2200 करोड़ रुपये का भुगतान पिछले ढाई वर्षों से लंबित है। भुगतान नहीं होने के कारण ठेकेदारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

इससे पहले भी ठेकेदारों ने राजधानी में नीर भवन का घेराव कर अपनी मांगें उठाई थीं, लेकिन समाधान नहीं निकलने के बाद अब उन्होंने विधानसभा घेराव का फैसला लिया है।

अनुबंध से अलग नियम लागू करने का आरोप

छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश जोशी ने आरोप लगाया कि विभाग ने अनुबंध की मूल शर्तों से हटकर नए नियम लागू कर दिए हैं, जिससे ठेकेदारों के भुगतान में और अधिक देरी हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के ठेकेदारों के लगभग 2200 करोड़ रुपये के बिल लंबित हैं और जब तक भुगतान नहीं किया जाता तथा नई शर्तों को वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

विधानसभा घेराव पर प्रशासन की नजर

विधानसभा सत्र के दौरान प्रस्तावित इस प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर प्रशासन की नजर रहेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *