रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सरोना, चांपा और बालोद रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे। इनमें सरोना रेलवे स्टेशन का करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ सरोना स्टेशन
पुनर्विकास के बाद सरोना रेलवे स्टेशन यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। स्टेशन पर 95 वर्गमीटर का नया कॉनकोर्स भवन, 2,000 वर्गमीटर का विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, नया फुट ओवरब्रिज, 7 प्लेटफॉर्म शेल्टर, 2,800 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म अपग्रेडेशन, दो लिफ्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, दूसरा प्रवेश द्वार, पर्याप्त पार्किंग, एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
स्टेशन परिसर को छत्तीसगढ़ की लोक कला की झलक देने वाले आकर्षक डिज़ाइन से भी सजाया गया है।
पर्यावरण संरक्षण का भी रखा गया विशेष ध्यान
स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की खास बात यह रही कि निर्माण के दौरान छह से अधिक पुराने पेड़ों को संरक्षित रखा गया। इनमें एक पेड़ प्लेटफॉर्म के बीच स्थित है, जो अब स्टेशन की नई पहचान बन गया है। परिसर के अन्य बड़े पेड़ों को भी सुरक्षित रखते हुए विकास कार्य पूरा किया गया।
मुख्यमंत्री ने जताया प्रधानमंत्री का आभार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर के रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को नई गति मिलेगी।
सरोना रेलवे स्टेशन के लोकार्पण के साथ रायपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेशन का लाभ मिलेगा, जिससे यात्रा अनुभव अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित होगा।