फैसला अपने पक्ष में कराने के लिए कोर्ट में ‘काला जादू’ का आरोप, जज की मेज पर सरसों के दाने बिखेरने वाली महिला गिरफ्तार

चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक) | कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 65 वर्षीय महिला पर आरोप है कि उसने लंबित पारिवारिक सिविल केस का फैसला अपने पक्ष में कराने के लिए कोर्ट रूम में जज की कुर्सी पर कथित रूप से काला जादू किया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 9 जुलाई की बताई जा रही है, जिसका खुलासा 14 जुलाई को हुआ। आरोपी महिला की पहचान मंजुला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला अपने लंबित मामले में अनुकूल फैसला चाहती थी और इसी उद्देश्य से उसने अदालत में यह कदम उठाया।

CCTV फुटेज से हुआ खुलासा

पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई की सुबह करीब 9:40 बजे महिला फर्स्ट एडिशनल सीनियर सिविल जज एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत में पहुंची। आरोप है कि उसने कोर्ट रूम में जाकर जज की मेज पर पूजा किए हुए सफेद सरसों के दाने बिखेर दिए।

कुछ समय बाद कोर्ट स्टाफ की नजर इन दानों पर पड़ी। इसके बाद अदालत परिसर के CCTV फुटेज की जांच की गई, जिसमें महिला कथित रूप से यह हरकत करती हुई दिखाई दी।

इसके आधार पर कोर्ट के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने चिक्कबल्लापुर टाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में महिला के साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही मामले की आगे की जांच जारी है।

दिल्ली कोर्ट में भी सामने आया था ऐसा मामला

इससे पहले दिल्ली की तीस हजारी अदालत में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। हत्या के एक मामले का सामना कर रहे डॉक्टर चंदर विभास पर आरोप लगा था कि उन्होंने सुनवाई से पहले कोर्ट रूम में चावल के दाने बिखेरे थे।

इस घटना के बाद अदालत की कार्यवाही कुछ देर के लिए रोकनी पड़ी थी। कुछ लोगों ने इसे कथित तौर पर टोटका या काला जादू बताया था। मामले में अदालत ने डॉक्टर को एक दिन की हिरासत और 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *