CM विष्णु देव साय ने विधानसभा परिसर में लगाया रुद्राक्ष का पौधा, ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान से जुड़ने की प्रदेशवासियों से की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विधानसभा परिसर में पौधारोपण किया। पावस सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया और प्रकृति संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हर एक पौधा हरित, समृद्ध और सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान में इस अभियान से जुड़ें और एक पौधा जरूर लगाएं। साथ ही पौधे की नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।

उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और स्वस्थ जीवन का आधार हैं। पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण कर छत्तीसगढ़ को हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ, हरित और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को पूरा किया जा सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *