राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर विधानसभा में हंगामा, नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही कल तक स्थगित

रायपुर | छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष ने इस मामले पर चर्चा की मांग करते हुए स्थगन प्रस्ताव पेश किया, जिसे स्वीकार नहीं किए जाने के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी।

कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी सदन में माहौल शांत नहीं हुआ। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी रहे। इस दौरान दोनों ओर से नारेबाजी भी हुई। विपक्षी विधायक जहां “पाकिट मारना बंद करो” जैसे नारे लगाते नजर आए, वहीं सत्ता पक्ष के विधायकों ने “पाप धोने अयोध्या जाओ” कहकर पलटवार किया।

मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सदन के बाहर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि विधानसभा में आज जो हुआ, वह करोड़ों राम भक्तों के लिए दुखद दिन है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में हुई कथित चढ़ावा चोरी के मामले में चर्चा की अनुमति नहीं दी गई।

डॉ. महंत ने कहा कि प्रदेश के लोगों ने श्रद्धा से राम मंदिर के लिए चंदा दिया है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि इसकी जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए।

इससे पहले विपक्ष ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सदन में चर्चा की मांग की थी। स्थगन प्रस्ताव अग्राह्य होने के बाद विपक्ष के विरोध और हंगामे के कारण पहले भी सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी थी।

राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर विधानसभा में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच बढ़ी तकरार के बाद अब सदन की अगली कार्यवाही मंगलवार को होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *