जनसंवाद को मिलेगी नई रफ्तार, CM रेखा गुप्ता ने किए तीन प्रवक्ताओं की नियुक्ति

नई दिल्ली | दिल्ली सरकार ने सरकार और जनता के बीच संवाद को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से तीन प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा विधायक अभय कुमार वर्मा को दिल्ली सरकार का मुख्य प्रवक्ता (Chief Spokesperson) नियुक्त किया है। वहीं, विधायक अनिल कुमार शर्मा और हरीश खुराना को सरकार का प्रवक्ता बनाया गया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह निर्णय पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित शासन के संकल्प को और मजबूत करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि उसकी नीतियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रमाणिक एवं समयबद्ध जानकारी नागरिकों और मीडिया तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।

मुख्यमंत्री के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत सरकार के नीतिगत निर्णयों, विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर आधिकारिक एवं तथ्यपरक जानकारी साझा की जाएगी। इससे शासन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।

दिल्ली सरकार ने बताया कि नियुक्त प्रवक्ता मीडिया के साथ नियमित संवाद स्थापित करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर सरकार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया भी देंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर सरकार का पक्ष और दृष्टिकोण आम जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी इन्हीं प्रवक्ताओं की होगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रभावी जनसंवाद सुशासन की महत्वपूर्ण नींव है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्य प्रवक्ता और अन्य प्रवक्ताओं की नियुक्ति से सरकार और नागरिकों के बीच संवाद अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी होगा तथा लोगों तक सही और अधिकृत जानकारी समय पर पहुंचाई जा सकेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *