महाराष्ट्र में आसमानी आफत का अलर्ट, नासिक में स्कूल बंद और मंदिरों में दर्शन रोके गए

मुंबई/नासिक। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच प्रशासन ने कई इलाकों में अलर्ट जारी किया है। नासिक जिले के त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में बादल फटने जैसी स्थिति की आशंका जताई गई है, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

मौसम विभाग ने नासिक और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते कई जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया गया है। वहीं, लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर और सप्तश्रृंगी माता मंदिर में दर्शन भी अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं।

नासिक में हाई अलर्ट, लोगों से सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें और अनावश्यक यात्रा से बचें। त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।

मौसम विभाग ने नासिक-त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में करीब 300 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, मुंबई में भी भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मुंबई समेत कई जिलों में भारी बारिश

भारी बारिश के कारण मुंबई और आसपास के जिलों में सोमवार को जनजीवन प्रभावित रहा। नासिक के अलावा पालघर और वसई-विरार क्षेत्रों में भी भारी बारिश दर्ज की गई, जहां कई स्थानों पर 350 से 400 मिलीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मंत्री ने लिया हालात का जायजा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रशासन को हालात पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, राज्य सरकार के मंत्री गिरीश महाजन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

मंत्री ने त्र्यंबकेश्वर तालुका के मेटघर गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *