रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के वन धन विकास केंद्र पंचक्की से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूह को ‘सहकार प्रेरणा सम्मान’ से सम्मानित किया। यह सम्मान भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में आयोजित राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन में प्रदान किया गया।
महिलाओं के स्वावलंबन का उदाहरण
जशपुर के वन धन विकास केंद्र से जुड़ी अनंत स्व-सहायता समूह की 10 महिलाएं सामूहिक रूप से च्यवनप्राश सहित विभिन्न औषधीय उत्पादों का निर्माण करती हैं। वर्ष 2024-25 में समूह ने लगभग 36 लाख रुपये के उत्पादों की बिक्री कर ग्रामीण उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
यह समूह वन विभाग के अंतर्गत संचालित वन धन विकास केंद्र से जुड़ा हुआ है और अपने उत्पादों की आपूर्ति आयुष विभाग सहित विभिन्न संस्थानों और उपभोक्ताओं तक करता है।
मुख्यमंत्री ने की सराहना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ‘सहकार से समृद्धि’ का लक्ष्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता के माध्यम से किसानों, वनवासियों और महिला समूहों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
सहकारिता से ग्रामीण विकास को नई दिशा
मुख्यमंत्री ने बताया कि सहकारिता के जरिए पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, वनोपज और ग्रामीण उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहकारिता की अहम भूमिका है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि राज्य में अब तक 1352 नई सहकारी समितियों का गठन किया जा चुका है, ताकि हर पंचायत सहकारिता से जुड़ सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।