गरियाबंद । छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में साइबर ठग लगातार भाजपा नेताओं को निशाना बना रहे हैं। अब वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया है। हैकर उनके नाम से परिचितों को मैसेज भेजकर यूपीआई के माध्यम से 28 हजार रुपये भेजने की मांग कर रहा है। तीन दिनों के भीतर किसी बड़े भाजपा नेता का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का यह दूसरा मामला है।
जानकारी के मुताबिक, हैकर गोवर्धन मांझी के नाम से उनके संपर्कों को संदेश भेज रहा है कि नेटवर्क की समस्या के कारण तत्काल 28 हजार रुपये भेज दें, जिन्हें बाद में वापस कर दिया जाएगा। इस दौरान वह ओटीपी और कोड साझा करने जैसी प्रक्रिया भी अपनाने की कोशिश कर रहा है। जब कई परिचितों ने इस संबंध में गोवर्धन मांझी से फोन पर संपर्क किया, तब उन्हें अपने व्हाट्सएप अकाउंट के हैक होने की जानकारी मिली।
लोगों से की सतर्क रहने की अपील
गोवर्धन मांझी ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और न ही किसी प्रकार का पैसा ट्रांसफर करें। उन्होंने बताया कि गलती से एक APK फाइल पर क्लिक करने के बाद उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने की आशंका है। मामले की शिकायत साइबर सेल और देवभोग पुलिस से की गई है।
हैकर ने खुद को बताया छात्र
हैरानी की बात यह है कि हैकर व्हाट्सएप ग्रुप में खुद को छात्र बताते हुए लोगों से पैसे मांग रहा है। उसने संदेश में लिखा कि उसे कॉलेज की फीस जमा करनी है और पैसों की जरूरत है। साथ ही उसने यह भी दावा किया कि वह गरीब लोगों से पैसे नहीं ले रहा और “विधायक जी मुझे बहुत अच्छे लगते हैं, इसलिए मैंने उनका अकाउंट हैक किया है।”
पहले भाजपा जिला अध्यक्ष भी हुए थे शिकार
इससे पहले भाजपा के जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर का भी व्हाट्सएप अकाउंट साइबर ठगों ने हैक कर लिया था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज, लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक न करें और पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर पु