बलौदाबाजार। जिले के इग्नाइट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। शासकीय कार्यालयों में अटैच शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर भेजे जाने के आदेश के बाद स्कूल से शिक्षिकाओं की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे 95 छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शासन द्वारा शासकीय कार्यालयों में अटैच शिक्षकों को मूल पदस्थापना पर लौटाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में बलौदाबाजार के इग्नाइट अंग्रेजी माध्यम स्कूल से तीन शिक्षिकाओं को उनके मूल स्कूल वापस भेजने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय अभिभावकों का कहना है कि यह स्कूल पहले से ही स्थायी शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है और यहां अधिकांश शिक्षण कार्य अन्य स्कूलों से व्यवस्था के आधार पर संचालित किया जा रहा था। ऐसे में शिक्षिकाओं की वापसी से बच्चों की पढ़ाई बाधित होने की आशंका है।
कई पालकों ने सवाल उठाया है कि बिना पर्याप्त शिक्षकों के स्कूल कैसे संचालित होगा और बच्चों के शैक्षणिक भविष्य पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
वहीं, दूसरी ओर इस आदेश के क्रियान्वयन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने इस विषय पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।