किरंदुल। श्रमिकों के हितों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के लिए सक्रिय मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) ने एक बार फिर सेवा और मानवता की मिसाल पेश की। यूनियन की ओर से सरदार वल्लभभाई पटेल लाइब्रेरी, किरंदुल में आयोजित सेवा कार्यक्रम के तहत नगर के वृद्ध, असहाय और जरूरतमंद लोगों को वर्षा ऋतु को देखते हुए कंबल और छातों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष विनोद कुमार कश्यप ने की। इस अवसर पर यूनियन के सचिव ए.के. सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधकर राष्ट्र निर्माण की जो विरासत दी, वह आज भी समाज सेवा, समर्पण और संगठन की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन केवल श्रमिकों के अधिकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे जनकल्याणकारी कार्यों में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य के तहत वर्षा ऋतु में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कंबल और छातों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में यूनियन के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। यूनियन की इस पहल की लोगों ने सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में सराहनीय कदम बताया।