बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को गति देने के लिए लगातार बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इसी कड़ी में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम पंचायत देवरी में 44 लाख रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
मंत्री ने 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित चेक डैम का लोकार्पण किया, जिससे क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा 16 लाख रुपये की लागत से बने महतारी सदन का उद्घाटन किया गया, जो महिलाओं के कौशल विकास, स्वावलंबन और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। वहीं, सामुदायिक आयोजनों के लिए 8 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से लोगों के जीवन स्तर में सुधार आ रहा है और गांव आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।