छत्तीसगढ़: मेधावी छात्रों को मिला राज्य स्तरीय सम्मान, मुख्यमंत्री ने बढ़ाया उत्साह

सक्ती । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सक्ती जिला कार्यालय में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में राज्य एवं जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्रों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनके करियर लक्ष्य तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, चार्टर्ड अकाउंटेंट और डॉक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छा व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने उनके आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि समर्पण, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम ही सफलता की असली कुंजी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो विद्यार्थी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा से प्रयास करते हैं, सफलता स्वयं उनके कदम चूमती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि छत्तीसगढ़ का हर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ सके और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।

उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का भी आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सम्मानित हुए विद्यार्थी केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का गौरव हैं, और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहब, सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *