महारानी अस्पताल के उन्नयन को मंजूरी, नए भवन और 20 बेड के गायनी वार्ड का होगा निर्माण

जगदलपुर। शहर के महारानी जिला चिकित्सालय को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित जीवनदीप समिति की बैठक में अस्पताल के विस्तार और उन्नयन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन फैसलों के बाद मरीजों को कैंसर, डायलिसिस और अन्य विशेष स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में काम तेज होगा।

बैठक में महारानी अस्पताल में कैंसर यूनिट, पैलिएटिव केयर यूनिट और डायलिसिस यूनिट के विकास के लिए नए भवन के निर्माण का निर्णय लिया गया। प्रस्तावित भवन में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे गंभीर बीमारियों के मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।

इसके अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के लिए 20 बिस्तरों वाला नया वार्ड बनाया जाएगा। साथ ही मेडिकल रिकॉर्ड सेक्शन और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) के विस्तार का भी निर्णय लिया गया। अस्पताल के पुराने वार्डों की मरम्मत और जर्जर भवनों के आवश्यक सुधार कार्य भी किए जाएंगे।

जीवनदीप समिति ने अस्पताल के विभिन्न विभागों में जरूरत के अनुरूप नए चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने पर भी सहमति जताई, ताकि मरीजों को एक ही परिसर में अधिकतम स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

अस्पताल के उन्नयन के बाद जगदलपुर और आसपास के हजारों मरीजों को कैंसर, डायलिसिस और अन्य विशेष उपचार के लिए दूर स्थित डिमरापाल मेडिकल कॉलेज पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय स्तर पर बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *