मुंबई । मुंबई में भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय व्यक्ति की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। यह घटना साकीनाका इलाके के खैरानी रोड पर हुई, जिसने शहर की बरसात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान यादव नगर निवासी असलम इसाक शेख (60) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर मरम्मत कार्य के दौरान कुछ निजी ठेका कर्मचारियों ने मैनहोल का ढक्कन हटाया हुआ था। इसी दौरान असलम मोबाइल पर बात करते हुए वहां से गुजर रहे थे और अनजाने में खुले मैनहोल में गिर गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज पानी के बहाव के कारण वे मैनहोल में बह गए। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की तलाश के बाद नाले से उनका शव बरामद किया गया।
इसी दिन दहिसर इलाके में एक अन्य व्यक्ति के नाले में गिरने की घटना भी सामने आई, हालांकि उसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मुंबई में मानसून के दौरान लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले कुछ दिनों में शहर में खुले मैनहोल, पेड़ गिरने और जलभराव जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं, जिनमें जानमाल का नुकसान हुआ है।
मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरों को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसके चलते नागरिकों को समुद्र तट से दूर रहने की सलाह दी गई है।