भारत दौरे पर जापान की पीएम साने ताकाइची, आज पीएम मोदी संग शिखर वार्ता; व्यापार, रक्षा और AI पर होगी अहम चर्चा

नई दिल्ली। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंच गई हैं। बुधवार देर शाम नई दिल्ली पहुंचीं ताकाइची आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और रक्षा सहयोग को नई दिशा देने पर चर्चा होगी।

साने ताकाइची और प्रधानमंत्री मोदी के बीच होने वाली उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता में व्यापार, निवेश, रक्षा, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमोबाइल, सप्लाई चेन और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है। दोनों नेता भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा करेंगे।

अपने दौरे के दौरान जापानी प्रधानमंत्री भारत-जापान बिजनेस फोरम में भी शामिल होंगी, जिसमें जापान के 150 से अधिक उद्योगपति भाग लेंगे। इस मंच पर दोनों देशों के बीच निवेश, औद्योगिक सहयोग और कारोबारी साझेदारी को विस्तार देने पर विशेष जोर रहेगा।

नई दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने साने ताकाइची का स्वागत किया। भारत पहुंचने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है और वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा को लेकर उत्साहित हैं।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि भारत उनके पहले दौरे की मेजबानी कर खुश है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के साझा प्रयासों से भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी और मजबूत होगी तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।

भारत रवाना होने से पहले आयोजित प्रेस वार्ता में साने ताकाइची ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत के साथ सहयोग का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि निवेश, व्यापार, बुनियादी ढांचे, प्रौद्योगिकी और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए दोनों देश मिलकर ठोस कदम उठाएंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *