जगदलपुर। शहर के धरमपुरा स्थित विशाल मेगा मार्ट में पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने पार्किंग में तैनात बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड को पहले जमीन पर गिराया, फिर घसीट-घसीटकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। पूरी घटना मेगा मार्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में बुजुर्ग गार्ड खुद को बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि युवक लगातार उनके साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पीड़ित गार्ड की बेटी ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।